समय-सीमा बैठक में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा सख्त, बेहतर कार्यों की खुलकर सराहना

विकास कार्य, जनसेवाएं एवं आयोजनों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा
तहसीलदार राजगढ़ अनिल शर्मा को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, शिकायतों के निवारण, ई-ऑफिस उपयोग, ई-केवायसी, समय सीमा की शिकायतों, सीएम हेल्पलाईन तथा शासकीय योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में विभागों को स्पष्ट व समयबद्ध कार्य करने हेतु निर्देश भी दिए गए।
सी.एम. हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान बाटम – 5 में आने वाले अधिकारी मण्डी सचिव कुरावर, खुजनेर, सारंगपुर, ब्यावरा व वन परिक्षेत्र अधिकारी ब्यावरा का तीन-तीन दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही समय-सीमा बाहय शिकायतों पर ग्राम पंचायत बारोल खिलचीपुर, ग्राम पंचायत ब्राह्मणगांव जीरापुर, ग्राम पंचायत नापानेरा ब्यावरा व सीएमओ खुजनेर पर 250-250 रूपये जुर्माना अधिरोपित करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही तहसीलदार कुरावर के 11 आवेदन समय-सीमा बाह्य होने पर पर आवेदन 250 रूपये जुर्माना अधिरोपित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जो विभाग सीएम हेल्पलाईन में सी व डी ग्रेड में है उन पर कार्यवाही हेतु प्रस्ताव कमिश्नर को भेजा जाए। साथ ही बैठक में चिन्हित प्रकरणों की जानकारी उपलब्ध न कराने पर तहसीलदार राजगढ़ अनिल शर्मा को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही आरसीएमएस में समय-सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए। ई-ऑफिस की समीक्षा में मोहनपुरा-कुंडालिया परियोजना, जिला आबकारी अधिकारी एवं एसडीएम राजगढ़ को ई-ऑफिस में फाइल क्रिएट करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी जनपद सीईओ एवं तहसीलदारों को अधिक से अधिक फाइल ई-ऑफिस में दर्ज कर जिले को राज्य स्तर पर चौथे स्थान पर लाने का लक्ष्य दिया गया।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा द्वारा बैठक में जल अर्पण दिवस की तैयारियों को लेकर प्रभात फेरी, मुख्य अतिथि का ग्राम भ्रमण, ओएचटी की सफाई, रक्षा सूत्र बांधना, जल श्रृंगार एवं रंगोली जैसे कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रशासन गांव की ओर अभियान के अंतर्गत शिकायत शिविरों की योजना बनाने हेतु सभी जनपद सीईओ को निर्देशित किया गया। सांसद खेल महोत्सव के समापन उपरांत कार्ययोजना तैयार कर संबंधित विभागों को निर्देश देने तथा खेल महोत्सव में भाग लेने वाले बच्चों के ठहरने एवं भोजन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश एसडीएम राजगढ़ को दिए गए।
बैठक में अवमानना प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सीएमओ राजगढ़ को आवास से संबंधित लंबित मामलों का सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। एसडीएम नरसिंहगढ़ द्वारा पट्टों की जानकारी उपलब्ध न कराने पर नाराजगी व्यक्त की गई तथा पट्टाधारी संबंधी जानकारी व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। सभी एसडीएम को राज्य की गूगल शीट अपडेट करने, आवेदकवार एवं निकायवार भूमि आवंटन की जानकारी तैयार कर चर्चा करने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में अप्रारंभ आंगनवाड़ी केंद्रों की जानकारी न होने पर संबंधित अधिकारी के प्रति नाराजगी व्यक्त की गई। श्मशान घाटों पर किए गए कार्यों की जानकारी को समय सीमा बैठक का स्थायी एजेंडा बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीएमओ खिलचीपुर द्वारा अतिक्रमण न हटाने के निर्देशों का पालन नहीं करने पर निलंबन का प्रस्ताव आयुक्त को भेजने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कुत्तों की नसबंदी की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सीएमओ एवं उप संचालक पशु चिकित्सा को तत्काल ऑपरेशन टीम गठित कर नसबंदी कार्य प्रारंभ करने के सख्त निर्देश दिए। वहीं पीएमजीएसवाई विभाग द्वारा अतिक्रमण हटाने हेतु की गई प्रभावी कार्रवाई की कलेक्टर डॉ. गिरीश मिश्रा ने प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह प्रशासन की प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
![]()





