भोपाल नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल, बीजेपी पार्षद ने खुद उठाया कचरा
भोपाल। राजधानी भोपाल में नगर निगम की सफाई व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। वार्ड क्रमांक 48 से बीजेपी पार्षद अरविंद वर्मा ने निगम की लापरवाही को उजागर करते हुए अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में एक शादी समारोह के बाद कचरा लंबे समय से पड़ा हुआ था। पार्षद अरविंद वर्मा ने सुबह से कई बार नगर निगम के सफाई कर्मचारियों, दरोगा और अधिकारियों को कचरा उठाने के लिए कहा, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आखिरकार नाराज पार्षद ने खुद ही मोर्चा संभाला और मौके पर पहुंचकर कचरा उठाकर कचरा गाड़ी में डाला। इस दौरान उन्होंने निगम की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब जनप्रतिनिधियों की बात नहीं सुनी जा रही है, तो आम जनता की समस्याओं का अंदाजा लगाया जा सकता है।
गौरतलब है कि पार्षद अरविंद वर्मा इससे पहले भी नगर निगम की व्यवस्थाओं को लेकर आवाज उठा चुके हैं।
इस घटना के बाद एक बार फिर भोपाल नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
![]()






