//रायसेन खुलासा उवेश खान//
कान की मशीन पाकर वृद्ध फूल सिंह के चेहरे पर आई मुस्कान,
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रति मंगलवार को कलेक्टर श्री अरविंद दुबे के निर्देशन में की जा रही जनसुनवाई, आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण का एक बड़ा माध्यम बनती जा रही है। कलेक्टर श्री दुबे सहित अन्य अधिकारियों द्वारा जनसुनवाई में आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता के साथ सुनकर उनका निराकरण जाता है। ऐसा ही एक उदाहरण कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में फिर देखने को मिला जब कान (सुनने) की मशीन की फरियाद लेकर आए बरेली तहसील के ग्राम थाला दिघावन निवासी 76 वर्षीय वृद्ध श्री फूल सिंह को दो घण्टे के भीतर कान की मशीन उपलब्ध कराई गई, जिसे पाकर वह बेहद खुश हुए।
जनसुनवाई में वृद्ध फूल सिंह ने सामाजिक न्याय विभाग के प्रशासनिक अधिकारी बृजेश शर्मा को बताया कि उन्हें ठीक से सुनाई नहीं देता है, जिस कारण वह बहुत परेशान है, उनके पास इतने रूपए भी नहीं हैं कि वह स्वयं कान की मशीन खरीद सके। प्रशासनिक अधिकारी बृजेन्द्र शर्मा वृद्ध फूल सिंह को अपने साथ सामाजिक न्याय विभाग कार्यालय लेकर आए तथा वहां जांच उपरांत आवश्यक कार्यवाही करते हुए कान की मशीन प्रदान की। उन्होंने वृद्ध फूल सिंह के कान में मशीन लगाकर पूछा भी कि दादा.. अब सुनाई दे रहा है। वृद्ध फूल सिंह ने खुशी के साथ हॉ में जबाव दिया। उनके चेहरे पर आई मुस्कान बयां कर रही थीं कि उनकी समस्या का समाधान हो गया है। वृद्ध फूल सिंह ने कलेक्टर श्री दुबे सहित शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद भी दिया।