केसी कान्वेंट हाई स्कूल में मनाया युवा दिवस स्वामी विवेकानंद जयंती पर
ब्यावरा। नगर के केसी कॉन्वेंट हाई स्कूल में स्वामी विवेकानंद के जयंती के अवसर पर युवा दिवस कार्यक्रम मनाया गया, जिसमें अतिथि के रूप में शासकीय महाविद्यालय ब्यावरा के सांसद प्रतिनिधि पवन शर्मा एवं दिनेश दांगी उप प्रबंधक सरस्वती शिशु मंदिर ब्यावरा थे। कार्यक्रम के शुभारंभ में मां सरस्वती ,भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर शुरू किया। स्कूल संचालक एवं लोधा लववंशी समाज युवा संगठन मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष इंदर सिंह लववंशी ने अतिथियों का तिलक लगाकर और माला पहनाकर स्वागत किया। उसके बाद श्री लववंशी ने स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला और छात्र छात्राओं को उनकी शिक्षाओं, उपदेशों एवं उनके द्वारा धर्म संसद में दिए गए उद्बोधन के बारे में बताया कि अमेरिका के शिकागो में आयोजित विश्व धर्म सभा में स्वामी विवेकानंद को सबसे आखिरी में बोलने का मौका दिया और बहुत सीमित समय दिया गया था लेकिन जैसे ही स्वामी जी ने कहा मेरे प्यारे अमेरिकी भाइयों और बहनों… यह भाषण सुनकर पूरे विश्व समुदाय का भारत और भारतीयता के प्रति सोचने और विचारने का नजरिया बदल चुका था। स्वामी विवेकानंद ध्यान और योग किया करते थे हमे भी ध्यान एवं योग करना चाहिए। सांसद प्रतिनिधि श्री शर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद सिर्फ एक व्यक्ति मात्र नहीं थे युगपुरुष है भारत को यदि विश्व गुरु बनना है तो स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलना होगा। इस दौरान विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं एवं स्टाफ उपस्थित रहे और अंत में आभार विद्यालय के उप प्राचार्य भोलाराम लोधा ने माना।